मा. प्रभारी मंत्री ने शेरखां सराय में रामशरण रस्तोगी परिवार को सौंपा पट्टाभिलेख, वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रखी भवन की नींव
मा. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की जनता सुरक्षित, जनपद प्रशासन भी कर रहा उत्कृष्ट कार्य — प्रभारी मंत्री
दंगा प्रभावित परिवार जिला प्रशासन से करें संपर्क, पात्रता के अनुसार भूमि आवंटन की होगी कार्रवाई — मण्डलायुक्त
सम्भल (बहजोई), 04 जून 2026
आज मा. प्रभारी मंत्री एवं उ.प्र. सरकार के सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जे. पी.एस. राठौर ने तहसील सम्भल के ग्राम शेरखां सराय में श्रीमती रुक्मन रस्तोगी पत्नी स्वर्गीय सुभाष चन्द्र रस्तोगी को 100 वर्गमीटर (लगभग 150 वर्ग गज) भूमि का पट्टाभिलेख प्रदान किया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना के साथ भवन निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं नींव रखी गई।
कार्यक्रम में मण्डलायुक्त मुरादाबाद आंजनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह रिंकू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। वर्ष 1978 के दंगों में अपनी जान गंवाने वाले स्वर्गीय रामशरण रस्तोगी के परिजन रुक्मन रस्तोगी एवं कपिल रस्तोगी ने भी वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार भूमि पूजन किया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1978 के साम्प्रदायिक दंगों में रामशरण रस्तोगी की हत्या हो गई थी। उनके पुत्र सुभाष चन्द्र रस्तोगी द्वारा उस समय प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, किन्तु उन्हें न्याय नहीं मिल सका। इसके बाद परिवार सम्भल से पलायन कर गया था। गत वर्ष उनके पौत्र कपिल रस्तोगी अपनी वृद्ध माता के साथ मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से मिले थे। मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा मृतक की पुत्रवधु रुक्मन रस्तोगी को ग्राम शेरखां सराय (बाहर चुंगी) में आवासीय प्रयोजन हेतु 100 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई।
वर्ष 1978 के दंगा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल तथा प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीम द्वारा यह एक महत्वपूर्ण पहल है। आवंटित भूमि ग्राम शेरखां सराय स्थित गाटा संख्या 128/2 (रकबा 0.105 हेक्टेयर) एवं गाटा संख्या 129 (रकबा 0.109 हेक्टेयर) में स्थित है। उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर तारबंदी कर दी गई थी तथा उसे कब्रिस्तान के रूप में प्रयुक्त किया जा रहा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
अपने संबोधन में मण्डलायुक्त मुरादाबाद आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि यह दिन लम्बे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि दंगा प्रभावित परिवारों के मामलों की जांच एवं सत्यापन के उपरांत संबंधित पत्रावलियां शासन को प्रेषित की जा चुकी हैं तथा अग्रिम कार्रवाई शासन के निर्देशानुसार की जाएगी। उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप दंगा पीड़ित परिवारों को पुनः सम्भल में बसाने की प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि जो भी परिवार दंगों के कारण सम्भल से पलायन कर गए थे, वे अपने उपलब्ध प्रमाणों सहित जिला प्रशासन से संपर्क करें। जांच के उपरांत उन्हें भी भूमि आवंटन की कार्रवाई की जाएगी। इससे प्रभावित परिवारों में विश्वास का वातावरण बनेगा तथा समाज में सौहार्द और सामाजिक समरसता को बल मिलेगा।
मा. प्रभारी मंत्री श्री जे. पी.एस. राठौर ने कहा कि वर्ष 1978 के दंगों में जिन परिवारों के आशियाने उजड़ गए थे, उनके पुनर्वास की दिशा में यह अत्यंत भावुक एवं ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश एवं जनपद सम्भल का प्रत्येक नागरिक सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में जीवन यापन कर रहा है। शासन, प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सभी वर्गों को न्याय दिलाने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश दंगामुक्त वातावरण की ओर अग्रसर है तथा कानून का राज स्थापित हुआ है। दंगा पीड़ित परिवारों ने वर्षों तक कठिन परिस्थितियों का सामना किया है, किन्तु अब उनके जीवन में सम्मान, सुरक्षा एवं स्थायित्व का नया अध्याय प्रारम्भ हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अन्य पात्र दंगा प्रभावित परिवारों के मामलों का भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, क्षेमनाथ तीर्थ के महंत बाल योगी दीनानाथ जी महाराज, उप जिलाधिकारी सम्भल निधि पटेल, क्षेत्राधिकारी सम्भल कुलदीप कुमार, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिमी क्षेत्र) राजेश सिंघल, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, नगर पालिका परिषद बहजोई के अध्यक्ष राजेश शंकर (राजू), छत्रपाल सिंह, संजय पोली तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

