उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। मिलक थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर चलती कार में अचानक आग लगने से उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला सिपाही कविता और उनके एक वर्षीय मासूम बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई।
कार चला रहे कविता के पति योगेश इस हादसे में सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वह अपनी पत्नी और बच्चे को नहीं बचा सके। इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि ठीक 6 साल पहले योगेश की पहली पत्नी की मौत भी एक सड़क हादसे में ही हुई थी। नियति के क्रूर खेल के कारण योगेश का परिवार दूसरी बार उजड़ गया।
पुलिस के अनुसार, कविता रामपुर जिले में ही तैनात थीं। हादसे के वक्त कार में आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर फंसे मां-बेटे को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

