मुरादाबाद जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद ने पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में देश और प्रदेश में बढ़ती सांप्रदायिकता को इस्तीफे का कारण बताते हुए सक्रिय राजनीति में आने की इच्छा जताई है।
बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र से जुड़े जमशेद ने एसएसपी बरेली को भेजे पत्र में लिखा है कि पुलिस की वर्दी ने उन्हें सम्मान, पहचान और जनता की सेवा का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा वर्दी की गरिमा बनाए रखी और अपने कार्यकाल से संतुष्ट रहे।
त्यागपत्र में जमशेद ने कहा कि समाज में बढ़ती धार्मिक और सामुदायिक दूरियां चिंता का विषय हैं। उनका मानना है कि राजनीति के माध्यम से सामाजिक सौहार्द, भाईचारा और विभिन्न वर्गों के बीच संवाद को मजबूत करने के लिए बेहतर तरीके से काम किया जा सकता है।
मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र के गुरेर गांव निवासी मोहम्मद जमशेद 22 मार्च से जीआरपी में संबद्ध थे। उनका इस्तीफा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल इस्तीफा स्वीकार होगा या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय विभागीय स्तर पर लिया जाएगा।

