उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नशे की गिरफ्त में फंसा एक युवक सीधे जिलाधिकारी के ऑफिस पहुंच गया। युवक ने भावुक होकर कहा कि साहब, मैं मरना नहीं चाहता, मुझे अपनी बेटी के लिए जीना है। मेडिकल स्टोर्स पर खुलेआम नशे की दवाइयां बिक रही हैं, इन्हें बंद कराइए नहीं तो मेरे जैसे कई नौजवान बर्बाद हो जाएंगे।
नशे का आदी युवक जब जिलाधिकारी अभिषेक पांडे से मिलने पहुंचा तो उसके पास कुछ नशीली दवाइयां, इंजेक्शन और सिरिंज भी थीं। उसने ये सब डीएम को दिखाते हुए बताया कि शहर और आसपास के इलाकों में कई मेडिकल स्टोर्स बिना डॉक्टर के पर्चे के नशे के इंजेक्शन और दवाइयां बेच रहे हैं। उसने कहा कि ये नशा धीरे-धीरे युवाओं की जिंदगी खत्म कर रहा है और कई परिवार तबाह हो चुके हैं।

