उत्तर प्रदेश कैडर (2014 बैच) की IAS अधिकारी और वर्तमान में नोएडा (गौतम बुद्ध नगर) की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने 11 पात्र दिव्यांगों को कानूनी अभिभावक (लीगल गार्जियनशिप) सर्टिफिकेट जारी करने की मंजूरी दी है। यह स्वीकृति हाल ही में लोकल लेवल कमेटी की समीक्षा बैठक में दी गई। इस दौरान उन्होंने बाकी लंबित आवेदनों के निपटारे के लिए भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस फैसले के बाद मेधा रूपम चर्चा में हैं। जुलाई 2025 में नोएडा की डीएम का पदभार संभालने से पहले, उन्होंने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) में एडिशनल सीईओ के रूप में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया था।
मेधा रूपम ने साल 2013 की यूपीएससी (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा के अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया 10वीं रैंक हासिल की थी। इसके अलावा, वह एक नेशनल लेवल की राइफल शूटर भी रह चुकी हैं और उन्होंने केरल स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में तीन गोल्ड मेडल जीते थे।

