जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिलाधिकारी ने पीएमश्री विद्यालयों का गैप एनालिसिस तथा वर्तमान स्थिति तथा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय की समीक्षा करते हुए जनपद के सभी विद्यालयों को सभी बिन्दुओं पर संतृप्तीकरण कराए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी अपने क्षेत्र के स्कूल देख लें कोई भी विद्यालय जर्जर स्थिति में न हो। विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय शत-प्रतिशत पूर्ण होने के साथ अभ्युदय विद्यालय की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने छात्र नामाकंन संख्या के संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारियों से जानकारी लेते हुए कहा कि जनपद में बिना मान्यता प्राप्त चल रहे विद्यालयों का चिन्हांकन कर उन्हें अनिवार्यतः बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में वाउन्ड्रीवाल नहीं है उन विद्यालयों की वाउंड्रीवाल जी राम जी योजना से कराई जाये। एमडीएम रजिस्टर पर ग्राम प्रधान स्वयं हस्ताक्षर करने स्कूल आएंगे, कोई भी शिक्षक हस्ताक्षर कराने ग्राम प्रधान के पास नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आर्किटेक्ट द्वारा जारी डिजाइन के अनुरुप ही कार्य कराएं जाये। स्कूलों में सफाई भी नियमित रुप से सुनिश्चित की जाये। स्कूलों में बंदरों से बचाव के लिए आवश्यकतानुसार चारों तरफ जाल लगाया जाये। शिक्षक का फोन सचिव द्वारा नहीं उठाये जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक का फोन एक बार में उठ जाना चाहिए, इसको सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में लगने वाली टाइल्स की क्वालिटी उच्च गुणवत्ता की हो और टाइल्स लगाने के दौरान सीमेंट अच्छे से भरा जाये।
स्कूल के आस-पास की सड़क भी दुरुस्त हो इसको भी सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि जैसा आपका घर हो वैसा ही स्कूल भी होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने निपुण भारत की समीक्षा करते हुए कहा कि धारा प्रवाह का अभ्यास बार-बार होना चाहिए। पठन और अभ्यास पर विशेष रुप से जोर दिया जाये। कठिन शब्दों को बोर्ड पर लिखवाएं और बुलवाएं, शिक्षक प्रतिदिन बोर्ड पर अपने हाथ से एक घंटा अवश्य कार्य करें। बच्चों का रीडिंग मेला लगवायें, बच्चों को प्रैक्टिकली पढाने पर विशेष जोर दिया जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, डीआईओएस रितु तोमर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह आदि उपस्थित रहें।
DM ने बेसिक शिक्षा विभाग की बैठक में दिए सख्त निर्देश
Leave a Comment

