यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग की संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में टॉप करने वाली श्रद्धा पांडेय को भी सम्मानित किया। श्रद्धा प्रतापगढ़ की लालगंज तहसील के गांव पचरास गांव की रहने वाली हैं। सीएम योगी ने मंच पर उनको बुलाकर आईपैड गिफ्ट किया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद श्रद्धा पांडेय काफी खुश नजर आईं। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ से सम्मान ग्रहण करने के बाद वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। यह सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। वह अपनी सफलता को पूरे जिले और प्रदेश की सफलता के रूप में देख रही हैं।
आपको बता दें कि बीपीएससी परीक्षा में टॉप करने वालीं श्रद्धा पांडेय लखनऊ में पहले से असिस्टेंट कमिश्नर कमर्शियल टैक्स के पद पर तैनात हैं। उन्होंने यूपी में 2024 में पीसीएस परीक्षा पास की थी। उन्होंने अपना ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन दोनों प्रतापगढ़ से पूरा किया था। 2021 में वह सिविल परीक्षाओं की तैयारी के लिए लखनऊ आ गई थीं। उनके पिता दवा का व्यवसाय करते हैं।

