उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी जापान यात्रा के आखिरी दिन यामानाशी प्रांत में हाई-स्पीड ‘मैग्लेव ट्रेन’ का अनुभव लिया। यह अत्याधुनिक ट्रेन चुंबकीय शक्ति (मैग्नेटिक लेविटेशन) के जरिए पटरी से ऊपर हवा में तैरते हुए 500 से 600 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है। जापान की वर्तमान बुलेट ट्रेनों की 300 किमी/घंटा की गति के मुकाबले मैग्लेव तकनीक को भविष्य की परिवहन क्रांति के रूप में देखा जा रहा है।
सफर के साथ मुख्यमंत्री ने ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट का दौरा किया और पानी से बिजली बनाने की तकनीक को समझा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्कूली बच्चों और भारतीय मूल की साध्वी तुलसी से भी मुलाकात की।
22 फरवरी से शुरू हुई यह सिंगापुर और जापान यात्रा उत्तर प्रदेश में निवेश आकर्षित करने और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। यह मुख्यमंत्री के 9 साल के कार्यकाल का दूसरा विदेश दौरा है।

