नाबालिग से यौन उत्पीड़न के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम गुरुवार को जैसे ही जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे, वहां जबरदस्त हंगामा और अफरा-तफरी मच गई। राजस्थान हाईकोर्ट से सरेंडर करने के सख्त आदेश मिलने के बाद जोधपुर आए आसाराम की एक झलक पाने के लिए उनके भक्त इस कदर बेकाबू हुए कि एयरपोर्ट परिसर में ही भगदड़ मच गई।
अव्यवस्था का आलम यह था कि भीड़ के आगे पुलिस का सुरक्षा घेरा पूरी तरह टूट गया और खुद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी इस भगदड़ में बुरी तरह फंस गए। पुलिस अधिकारियों ने भारी मशक्कत और धक्का-मुक्की के बीच से आसाराम को निकाला और एम्बुलेंस तक पहुंचाया। गनीमत रही कि स्थिति को काबू कर लिया गया, वरना आज जोधपुर एयरपोर्ट पर कोई बहुत बड़ा हादसा हो सकता था।

