मुजफ्फरनग में बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर मुकदमे के बाद मामला कैबिनेट मंत्री और बिजली विभाग के बीच टकराव तक पहुंच गया। मंगलवार शाम 5 बजे समीक्षा बैठक में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने बिजली विभाग के मुख्य अभियंता विनोद कुमार को फटकार लगा दी।
कहा- अगर नेता बनने का इतना ही शौक है तो नौकरी छोड़कर मैदान में आ जाइए। इस दौरान गुस्से में चीफ इंजीनियर कुर्सी से उठकर जाने लगे, लोगों के समझाने पर फिर बैठ गए।
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों की कार्यशैली और जनता के प्रति व्यवहार पर नाराजगी जताई। जिला मुख्यालय पर हुई समीक्षा बैठक देर शाम तक चली। इस दौरान बिजली कटौती, ट्रांसफॉर्मर खराब होने की घटनाओं और आम जनता की शिकायतों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री अनिल कुमार ने मुख्य अभियंता विनोद कुमार से कहा- अधिकारी जनता और जनप्रतिनिधियों से सम्मानजनक एवं संवेदनशील भाषा में बात करें। सरकारी अधिकारी जनता की सेवा के लिए हैं, राजनीति करने के लिए नहीं।
इस दौरान दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मुख्य अभियंता एक बार अपनी कुर्सी छोड़कर बैठक से बाहर जाने के लिए खड़े हो गए। हालांकि, वहां मौजूद अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें समझाकर दोबारा बैठाया। इसके बाद बैठक आगे जारी रही। पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है।

