अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में एनकार्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, नशा मुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाया जाए तथा सिनेमा, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।
बैठक में शिक्षा विभाग को विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल स्तर पर अभियान चलाना आवश्यक है।
आबकारी विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित भांग की दुकानों पर गांजा बिक्री की कड़ी निगरानी रखी जाए तथा नियमित जांच अभियान चलाकर नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जेल अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

