सम्भल (बहजोई), 13 मई 2026
आज जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल की अध्यक्षता में दर्पण पोर्टल पर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में गत तीन माह के दौरान दर्पण पोर्टल पर कम रैंकिंग प्राप्त करने वाले विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रत्नेश कुमार द्वारा विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट एवं कम प्रदर्शन वाले बिन्दुओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान 15वें राज्य वित्त आयोग एवं 5वें राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, आर.आर.सी. सेंटर तथा आर.आर.सी. सेंटर हेतु भूमि उपलब्धता के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने प्राथमिकता वाले कार्यों एवं मदवार धनराशि की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में ई-कवच एवं मंत्रा पोर्टल की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ई-कवच एवं मंत्रा ऐप के डेटा में किसी प्रकार का गैप न रहे तथा रैंकिंग सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन, छात्रवृत्ति योजनाओं, पोर्टल फीडिंग एवं विभागीय रैंकिंग की भी समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नए आवेदनों की संख्या बढ़ाने पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में किए गए आवेदनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि जिन आवेदकों द्वारा अभी तक वेंडर का चयन नहीं किया गया है, उनसे विभागीय स्तर पर दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित किया जाए। विभिन्न बैंकों में लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों के साथ पृथक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
जल निगम (ग्रामीण) विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन के प्रमुख बिन्दुओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक माह की 25 तारीख से माह के अंतिम दिवस तक सभी संबंधित विभागों से डेटा प्राप्त कर संकलित रिपोर्ट अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, डिप्टी कलेक्टर रामानुज, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रत्नेश कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी चेतेन्द्र पाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में दर्पण पोर्टल पर विकास कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की गयी आयोजित
Leave a Comment

