पुलिस उपमहानिरीक्षक (पीएसी) द्वारा जनपद बदायूँ ग्राम सैजनी में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन का निरीक्षण किया गया।
आज दिनांक 05.08.2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक, पीएसी लखनऊ अनुभाग, लखनऊ, उत्तर प्रदेश श्री किरीत राठौड ने जिलाधिकारी बदायूँ श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के साथ जनपद बदायूँ के ग्राम सैंजनी थाना मुसाझाग क्षेत्रान्तर्गत निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री के मानकों, कार्यों की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्माण स्थल पर अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों का गहनता से अवलोकन किया, साथ ही निर्माण स्थल पर की गई बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, आवागमन व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा उपायों का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
निर्माणाधीन परिसर एवं उसके आसपास की कानून-व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए, साथ ही निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रत्येक चरण में गुणवत्ता एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान सेनानायक 02 वाहिनी पीएसी सीतापुर – श्री संतोष कुमार मीना, उप सेनानायक 43वीं वाहिनी पीएसी एटा – श्री मुकेश प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी उझानी श्री सुनील कुमार सिंह, क्वार्टर मास्टर 08वीं वाहिनी बरेली – श्री तेज प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बदायूँ – श्री इन्द्रजीत सिंह, प्रशासनिक एवं पुलिस के अन्य अधिकारी, संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

