इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों ने परिवार की सहमति से प्रेम विवाह कर नई जिंदगी की शुरुआत की। लेकिन कुछ ही महीनों बाद यह रिश्ता गंभीर विवाद में बदल गया और मामला अदालत तक पहुंच गया।
इंदौर की राजस्व कॉलोनी निवासी आकाश जाट का आरोप है कि कैंसर की बीमारी का पता चलने के बाद उनकी पत्नी साक्षी नकुम का व्यवहार बदल गया। आकाश के मुताबिक, इलाज के दौरान जब उन्हें सबसे ज्यादा साथ की जरूरत थी, तब पत्नी ने उनका साथ छोड़ दिया।
आकाश और रतलाम निवासी साक्षी नकुम की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों ने 20 नवंबर 2022 को इंदौर के आर्य समाज मंदिर में विवाह किया। बाद में 13 दिसंबर 2022 को दोनों परिवारों की सहमति से रतलाम में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ दोबारा शादी हुई।
आकाश के अनुसार, 10 अप्रैल 2023 को गुजरात के वडोदरा में जांच के दौरान उनकी सांस की नली में कैंसर की पुष्टि हुई। उनका आरोप है कि बीमारी की जानकारी मिलने के बाद पत्नी ने दूरी बना ली। उन्होंने दावा किया कि पत्नी ने उनसे कहा, “तुम तो कल मर जाओगे, मेरा क्या होगा?”
युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि पत्नी ने कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना दूसरी शादी कर ली। मामले में अदालत ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं और गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष और मामले का अंतिम फैसला अदालत की प्रक्रिया के अधीन है।

