एक-दूसरे का हाथ पकड़ नदी में कूदे प्रेमी-प्रेमिका:मुरादाबाद में ताऊ को मैसेज किया- मरने जा रहा हूं, बुलेट पुल पर खड़ी है
मुरादाबाद में प्रेमी-प्रेमिका ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। दोनों बुलेट से नदी के पुल पर पहुंचे। बुलेट सड़क किनारे खड़ी की। फिर कुछ देर तक आपस में बात करते रहे। इसके बाद एक-दूसरे का हाथ पकड़ा और नदी में कूद गए।
युवक ने नदी में कूदने से पहले अपने ताऊ के मोबाइल पर मैसेज भेजा। लिखा- ताऊ, मैं मरने जा रहा हूं। बाइक रामगंगा के पुल पर खड़ी है, दूसरी चाबी लेकर आ जाना। जब तक घरवाले पुल पर पहुंचे, युवक नदी में कूद चुका था।
कटघर पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश कर रही है। अभी तक दोनों का पता नहीं चल पाया है। घटना शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है।
मरने से पहले ताऊ को मैसेज किया- मैं मरने जा रहा हूं
पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान तुषार (20) पुत्र नन्हे के रूप में हुई है। वह कटघर थाना क्षेत्र के सूरजनगर, पीतल बस्ती का रहने वाला है। तुषार का घर घटनास्थल से करीब 4 किमी दूर है।
तुषार के ताऊ सुधीर गोस्वामी ने बताया कि तुषार शहर में बुध बाजार में कपड़े की एक दुकान पर सेल्समेन का काम करता था। रोजाना की तरह शनिवार सुबह भी वो घर से दुकान पर गया था।
घर से जाते वक्त तुषार ने सुबह में मुझसे 100 रुपए मांगे थे। मैंने उसे दिए थे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे उसने मेरे मोबाइल पर मैसेज किया कि मैं रामगंगा में कूदने जा रहा हूं, मैं अपनी जान दे दूंगा।
मैसेज मिलने के बाद मौके पर पहुंचे घरवालों को तुषार की बुलेट खड़ी मिली। बुलेट को देखकर घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने बुलेट को कब्जे में ले लिया है।

