भारतीय पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के बाद से काफी सारे कॉन्सर्ट कर रही हैं. इसी बीच देहादून में उस समय उनके कॉन्सर्ट को रोकना पड़ा, जब वहां अफरातफरी मच गई.
बताया जा रहा है कि स्टेज पर उस वक्त सिंगर परफॉर्म कर रही थीं और उसी बीच दर्शकों के पास लगे बैरिकेड गिर गए थे, जिससे आगे की लाइन में खड़े लोग अपना संतुलन खो बैठे और गिर पड़े. इसके तुरंत बाद कॉन्सर्ट को बीच में ही रोकना पड़ा. इसके बाद जैस्मिन ने मंच से वहां मौजूद सिक्यॉरिटी से स्थिति संभालने और यह तय करने को कहा कि भीड़ में मौजूद हर व्यक्ति सुरक्षित रहे और उनकी देखभाल की जाए.
जैस्मीन ने भीड़ को संबोधित करते हुए सिक्यॉरिटी टीम से आग्रह किया कि वे स्थिति को सावधानी और संवेदनशीलता के साथ संभालें. उन्होंने इस रुकावट के लिए दर्शकों से माफी मांगी और टीम को विशेष रूप से निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसी को कोई चोट न पहुंचे. कॉन्सर्ट फिर से शुरू होने से पहले उन्होंने दर्शकों के कल्याण के प्रति अपनी कमिटमेंट को दोहराया. वहीं वेन्यू पर मौजूद लोगों ने बताया कि सिंगर काफी चिंतित लग रही थीं और जब स्थिति को काबू करने की कोशिश की जा रही थी, तब वे बार बार ‘वाहेगुरु’ का जाप कर रही थीं.

