उत्तर प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी हुई है। अप्रैल में ही मई-जून जैसा अहसास हो रहा है। भीषण गर्मी के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 6 से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा लोगों के चेहरों को झुलसाती नजर आ रही है। प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में गर्म हवा और लू के थपेड़े लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। बांदा लगातार प्रदेश में सबसे गर्म बना हुआ है। बुधवार को बांदा देश का तीसरा सबसे गर्म जिला रहा। मौसम विभाग का कहना है कि 25 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में तापमान में वृद्धि होगी। प्रदेश में लगातार लू प्रभावित इलाकों में बढ़ोत्तरी होगी। हालांकि, 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव होगा और बारिश जैसी स्थिति बनने की उम्मीद की जा रही है।

