बिसौली। नगर पंचायत सैदपुर के सभागार में जनगणना 2027 को सफल बनाने के उद्देश्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन प्रगणकों और सुपरवाइजरों को व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, जिससे उन्हें वास्तविक कार्यप्रणाली की समझ मिल सके। प्रशिक्षण के दौरान अलग-अलग टीमें बनाकर नगर पंचायत क्षेत्र में ही जनगणना के तहत हाउस लिस्टिंग का मॉक सर्वे कराया गया, ताकि कार्मिक वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप कार्य को समझ सकें। प्रशिक्षुओं ने घर-घर जाकर विवरण संकलन किया और एचएलओ एप के माध्यम से डेटा प्रविष्टि का अभ्यास किया। चार्ज अधिकारी त्रिवेंद्र कुमार ने बताया कि मॉक सर्वे का उद्देश्य फील्ड में आने वाली समस्याओं को पहले ही समझकर उनका समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसमें शुद्धता और सावधानी अत्यंत आवश्यक है। वहीं फील्ड ट्रेनर हरदीप सिंह व अमित पाराशरी ने प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी और प्रतिभागियों के सभी डाउट का मौके पर ही समाधान कराया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कुल 37 प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण पूर्ण हो गया है। इस दौरान अन्य अधिकारी व नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।

