उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर एसपी चारू निगम अपने कड़क स्वभाव के लिए जानी जाती हैं। वे लगातार एक्शन मोड में दिखती हैं। पिछले दिनों उन्होंने सुल्तानपुर में अपराधिक मामलों पर लगाम के लिए कई कड़े फैसले लिए हैं। पिछले दिनों वे एक मामले में हुई पुलिसिया कार्रवाई के बारे में मीडिया से बात कर रही थीं। इसी दौरान उनका गुस्सा फट पड़ा। गुस्से का शिकार एक दरोगा हो गए। उन्होंने दरोगा को ही मामले में बोलने को कह दिया। इसके बाद इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। साथ ही, आईपीएस चारू निगम के बारे में भी लोग सर्च कर रहे हैं।
दरअसल, एसपी चारू निगम किसी घटना के संबंध में मीडिया को ब्रीफ कर रही थीं। इसी दौरान बगल में खड़े दरोगा का फोन बजा। उसने बाजू में हटकर फोन उठाया और बात करने लगा। इससे एसपी का ध्यान उस तरफ जा रहा था। इससे एसपी चारू निगम का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने जोर से कहा- ‘अरे, तुम ही बोल लो यार’। एसपी के कड़े रुख बाद दरोगा को वहां से हटते देखा गया। इस वाकये का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खासी चर्चा बटोर रहा है।

