उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के मकरबई गांव में एक दुखद हादसा हुआ है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से 42 वर्षीय ऊषा सिंह की मौत हो गई। उनकी 21 वर्षीय बेटी की शादी 28 अप्रैल को तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं।
शादी का पहला कार्ड भगवान को अर्पित करने के लिए ऊषा सिंह अपने 15 वर्षीय बेटे के साथ बाइक से मध्य प्रदेश के ओरछा स्थित रामराजा सरकार मंदिर जा रही थीं। गांव के रेलवे अंडरब्रिज की बेहद खराब हालत और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण उन्होंने बेटे को बाइक अकेले निकालने को कहा और खुद पैदल ही रेलवे ट्रैक पार करने लगीं।
ट्रैक पार करते समय अचानक तेज रफ्तार झांसी-बांदा मेमू ट्रेन आ गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही जान चली गई। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, इस दर्दनाक घटना के बाद वहां मातम पसर गया है।

