उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार चल रही है। 10 वर्षों के कार्यकाल के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार अपने कामकाज और योजनाओं के दम पर यूपी चुनाव 2027 में उतरने की तैयारी में है। ऐसे में कई एजेंसियां सरकार के कामकाज की समीक्षा कर रही हैं। सर्वे एजेंसियों की ओर से ग्राउंड लेवल पर सर्वे कराए जा रहे हैं। एक्सिस माई इंडिया की ओर से भी योगी सरकार के कामकाज की समीक्षा जमीनी स्तर पर की गई है। इसके आधार पर एक्सिस माई इंडिया के प्रमुख प्रदीप गुप्ता ने दावा किया है कि यूपी में लोग योगी आदित्यनाथ सरकार के कामकाज से काफी हद तक संतुष्ट हैं। इस कारण प्रदेश में भाजपा की स्थिति काफी मजबूत है।

