मा. राज्य मंत्री गुलाब देवी ने किया हरिशंकरी का रोपण, जनपद में आज 22,67,800 पौधे रोपित करने का लक्ष्य
सम्भल (बहजोई), 12 जुलाई 2026
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत विकासखंड पवांसा के ग्राम थरैसा जयसिंह स्थित तालाब पर जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मा. माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में मा.उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह रिंकू तथा पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (जलाशय विकास घटक-2.0) माइक्रो वाटरशेड योजना के अंतर्गत 0.89 हेक्टेयर एवं 1.26 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित दो तालाबों के परिसर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरान्त छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का पुष्प एवं पुस्तक भेंट कर स्वागत किया। वन विभाग की ओर से सभी अतिथियों का बैज लगाकर अभिनंदन किया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रीती यादव ने वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेशभर में आज 35 करोड़ पौधों का रोपण किया जा रहा है। जनपद सम्भल में 22,67,800 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित है तथा कार्यक्रम स्थल पर तालाब के किनारे लगभग 500 पौधे रोपित किए जा रहे हैं, जिनमें नीम, बरगद, अशोक, पाकड़ एवं जामुन सहित विभिन्न प्रजातियाँ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान “हीट वेव से ग्रीन वेव” थीम पर संचालित किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में लगाए जा रहे सभी पौधों की हरितिमा ऐप के माध्यम से जियो टैगिंग की जा रही है, जिससे पौधारोपण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जनपद में जल संचयन, जनभागीदारी एवं वृहद वृक्षारोपण को एक जन अभियान का स्वरूप दिया गया है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं तथा विकसित भारत-जीरामजी योजना एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत तालाबों का निर्माण एवं संरक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह रिंकू ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह वृक्षों की रक्षा करे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि लगाए गए पौधों को अपने बच्चों की तरह संरक्षित करें, तभी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान सार्थक होगा। मा.
विधान परिषद सदस्य डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने कहा कि समय का सदुपयोग करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना आज की आवश्यकता है। वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वस्थ जीवन का मार्ग भी प्रशस्त होता है।
मुख्य अतिथि मा. मंत्री श्रीमती गुलाब देवी ने माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में आज 35 करोड़ पौधों का रोपण किया जा रहा है। यदि इन पौधों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन मानव जीवन का आधार है और कोरोना काल ने हमें वृक्षों के महत्व का एहसास कराया है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प ले।
इसके उपरान्त मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा तालाब के किनारे वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। मा. मंत्री श्रीमती गुलाब देवी ने हरिशंकरी का पौधा रोपित किया तथा अन्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रीती यादव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सौरभ कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, कृषि उप निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी चन्दौसी नीतू रानी, ब्लॉक प्रमुख पवांसा के प्रतिनिधि हृदेश यादव, जिला पंचायत सदस्य अवधेश कुमार राघव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
— जारी, जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

