संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)
शाहजहांपुर 23 जुलाई। श्रीमती लीलावती, पत्नी स्व. केशवलाल, निवासी ग्राम पंचायत जटियापुर बुजुर्ग, विकास खंड पुवायां, जनपद शाहजहाँपुर, कभी कच्चे एवं जर्जर मकान में रहने को विवश थीं। बरसात के मौसम में घर की छत टपकती थी और परिवार को हमेशा असुरक्षा एवं कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनवाना उनके लिए संभव नहीं था।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र पाए जाने पर श्रीमती लीलावती को ₹1.20 लाख की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने अपना पक्का एवं सुरक्षित आवास बनवाया, जिससे उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
पक्का घर बनने के बाद परिवार को न केवल सुरक्षित आवास मिला, बल्कि बिजली, स्वच्छ पेयजल, रसोई गैस एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी लाभ मिला। अब उनका परिवार सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहा है तथा बरसात और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से भी काफी हद तक मुक्त हो गया है।
श्रीमती लीलावती बताती हैं कि मुख्यमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। आज वे अपने घर में सम्मान और आत्मविश्वास के साथ रह रही हैं तथा उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हैं। उनका कहना है कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक वरदान साबित हो रही है, जिसने हजारों परिवारों के अपने घर के सपने को साकार किया है।

