“यातायात पुलिस व थाना पुलिस, जनपद शाहजहाँपुर द्वारा शासन के निर्देशों के क्रम में “ड्रंकन ड्राईविंग, म़ॉडिफाइड साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न” के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की गई ।
संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
यातायात निदेशालय द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से संचालित विशेष अभियान के क्रम में, दिनांक 11/12.07.2026 को पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर महोदय, श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) महोदय, श्री देवेन्द्र कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात, श्री शुभम वर्मा के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात, श्री बच्चू सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं सम्बन्धित थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जनपद में सप्ताहांत (Weekend) “ड्रंकन ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न” के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत दिनांक 11/12.07.2026 (शनिवार एवं रविवार) को रात्रि 20:00 बजे से 23:00 बजे तक जनपद शाहजहाँपुर के थाना मदनापुर, सिंधौली, खुटार एवं पुवायाँ क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा (जहाँ वाहनों की गति स्वाभाविक रूप से धीमी रहती है) सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे की अवस्था में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं एवं उनके दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही टोल प्लाजाओं पर परिवार सहित यात्रा कर रहे यात्रियों का हालचाल जाना गया तथा यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्रभावी प्रवर्तनात्मक कार्रवाई करते हुए ड्रंकन ड्राइविंग के 34, मॉडिफाइड साइलेंसर के 02, प्रेशर हॉर्न/हूटर के 58, ओवरस्पीडिंग के 153, तीन सवारी के 66, बिना हेलमेट के 993 तथा अन्य उल्लंघनों में 537 चालान किए गए। इस प्रकार कुल 1843 चालान मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत किए गए।
इसके अतिरिक्त, यातायात पुलिस शाहजहाँपुर द्वारा नगर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान संचालित कर आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी प्रवर्तनात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई।
शाहजहांपुर में यातायात अभियान, 1843 वाहनों के चालान
Leave a Comment

