सांसद अरुण गोविल मेरठ सेंट्रल मार्केट में चल रहे व्यापारियों के प्रदर्शन में पहुंचे। शुक्रवार को प्रदर्शन का 15वां दिन है। उन्हें देखते ही प्रदर्शन में मौजूद महिला-पुरुष रोने-बिलखने लगे। रोते-रोते ही हाथ जोड़कर गाने लगे- मेरे भगवान आए हैं, मेरे राम आए हैं…।
इस पर अरुण गोविल ने कहा- मैं भगवान नहीं तुम्हारा भाई हूं। आप लोग मेरा परिवार हो। ये महिलाएं मेरी बहन हैं। उन्होंने कहा कि भगवान से जब कुछ मांगते हैं तो यह नहीं देखते कि वह अच्छा है या बुरा।
हमें भगवान से यह प्रार्थना करनी है कि जो हमारे लिए अच्छा हो, वह होना चाहिए। इस मामले में क्या होगा, कैसे होगा, कब होगा? इस बात के बारे में किसी को कुछ नहीं मालूम। इसलिए भगवान से प्रार्थना कीजिए।
अरुण गोविल ने व्यापारियों से काफी देर तक बातचीत की। उनको काफी समझाया। इसके बाद व्यापारियों ने अपना प्रदर्शन स्थगित करा दिया। अरुण गोविल ने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट का आदेश है। उसके अनुसार ही हमें और आवास विकास को काम करना होगा। लेकिन, सरकार लगातार आप लोगों का संज्ञान ले रही है। निश्चित रूप से आपको न्याय मिलेगा।
अरुण गोविल ने महिलाओं से कहा- ऐसा नहीं है कि मैं आज 15 दिन बाद आया हूं, तो मुझे इस मामले का कुछ पता नहीं है। मैंने लगातार सुप्रीम कोर्ट के वकीलों और यहां तक मुख्यमंत्री से भी मैंने इस मामले को लेकर बात की है। सुप्रीम कोर्ट में हमारा पक्ष मजबूती से रखा जाएगा और हमें न्याय मिलेगा।

