संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूल भाव के साथ संचालित हों जागरूकता कार्यक्रम : प्रभारी मंत्री
शाहजहांपुर, 04 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद सहित पूरे प्रदेश में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान 05 जून से 21 जून तक चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन व क्रियान्वयन के संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार के मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने 05 से 21 जून तक चलने वाले समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना से माननीय मंत्री जी को अवगत कराया। माननीय मंत्री जी ने अभियान को जनसहभागिता व माइक्रो प्लानिंग के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान अंतर्गत केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाए।
उत्तर प्रदेश सरकार के मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं सहित समस्त कार्यक्रम सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूल भाव के अनुरूप संचालित किए जाएं। उन्होंने प्राकृतिक खेती कार्यशाला के लिए आमंत्रित किए जा रहे किसानों की सूची भी उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अभियान को माइक्रो प्लानिंग बनाकर जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने जन जागरूकता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस (05 जून, 2026) के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी की अपील के अनुसार जनपद में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। उन्होंने बताया कि जनपद में 08 लाख 64 हजार पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा तथा उनकी जियो टैगिंग भी कराई जाएगी। फलदार पौधों का वितरण भी किया जाएगा। तालाबों के किनारे वृक्षारोपण हेतु स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय समुदाय का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान भी संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में प्रदेश स्तर पर 35 करोड़ पौधों के वृक्षारोपण का विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
विशेष जन-संपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम (08 जून, 2026 से 14 जून, 2026) के अंतर्गत माननीय प्रभारी मंत्री जी, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं नोडल प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उपलब्धियां पहुंचाने हेतु चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, उद्यमियों, व्यवसायियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा। निकायों में मलिन बस्तियों का चयन कर वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान योजनाओं का लाभ भी पात्रों को पहुंचाया जाएगा। मलिन बस्तियों में संवाद तथा सरकार आपके द्वार स्वरूप जन समस्या समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।
मीडिया संबोधन एवं संवाद (11 जून, 2026 से 14 जून, 2026) के अंतर्गत प्रदेश स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा मीडिया को संबोधित किया जाएगा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की अद्यतन उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। तत्पश्चात माननीय प्रभारी मंत्रिगण, केंद्र सरकार के माननीय मंत्री अथवा बोर्ड/आयोग के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रेस वार्ताएं आयोजित कर सरकार की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला (14 जून, 2026 से 16 जून, 2026) के अंतर्गत प्रदेश के समस्त विकास खंडों में आयोजित होने वाले त्रिदिवसीय जन-कल्याण मेलों में समस्त विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इन मेलों में केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जाएगा। विकसित भारत संकल्प सम्मेलन (16 जून, 2026 से 17 जून, 2026) तथा विकास प्रदर्शनी (17 जून, 2026 से 20 जून, 2026) के अंतर्गत सरकार की उपलब्धियों, युवा, महिला एवं गरीब कल्याण कार्यक्रमों, वृहद इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, आध्यात्मिक केंद्रों के विकास तथा उत्तर प्रदेश के सुशासन मॉडल को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु लगभग 300 प्रबुद्धजनों की सूची तैयार की जाएगी। चयनित प्रबुद्धजन विभिन्न विकास खंडों एवं कार्यक्रम स्थलों का भ्रमण करेंगे। एक प्रबुद्धजन को तीन विकास खंडों अथवा कार्यक्रम स्थलों का भ्रमण कराकर वहां आयोजित जन-कल्याण मेलों, विकास प्रदर्शनी एवं अन्य कार्यक्रमों का अवलोकन कराया जाएगा, जिससे वे योजनाओं एवं विकास कार्यों की जमीनी स्थिति से प्रत्यक्ष रूप से परिचित हो सकें। कार्यक्रम की अवधि में प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा।
प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं (18 जून से 19 जून, 2026), अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून, 2026), रात्रि चौपाल एवं विश्रामः अभियान अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शासकीय योजनाओं की समीक्षा एवं जन-शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। 21 जून, 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जनपद, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर मनाया जाएगा। साइकिल एवं पैदल जन-जागरूकता यात्राएं भी आयोजित की जाएंगी।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन को प्रदर्शित करने हेतु एक समेकित अभियान संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम अंतर्गत समस्त गतिविधियां सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूल भाव के अनुरूप संचालित की जाएंगी। केंद्र एवं राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं के संतृप्तीकरण तथा विगत वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं सुशासन मॉडल को समस्त कार्यक्रमों में समाहित किया जाएगा।
इस अवसर पर पुवायां विधायक चेतराम, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह, एमएलसी सुधीर गुप्ता, जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

