नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा की एक नामचीन सोसाइटी से अकेलेपन और मानसिक दूरी की एक बेहद भावुक और दर्दनाक कहानी सामने आई है। यहाँ एक फ्लैट से 68 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ है, जो पिछले करीब तीन दिनों से वहीं पड़ा हुआ था।
▪️बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 68 वर्षीय राजीव अरोड़ा के रूप में हुई है। राजीव अरोड़ा पेशे से शेयर ट्रेडिंग का कारोबार करते थे और सोसाइटी के एक फ्लैट में अकेले रहते थे। उनकी मौत के बाद तीन दिनों तक किसी को इस बात की कानों-कान खबर नहीं हुई। जब फ्लैट से तेज बदबू आने लगी, तो आस-पास के पड़ोसियों को किसी अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।
▪️दरवाजा खोलकर शव किया बरामद.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खोला और अंदर से राजीव अरोड़ा का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस का मानना है कि मौत का कारण प्राकृतिक (Natural Death) हो सकता है।
हालांकि, मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।
▪️पत्नी से कई वर्षों से रह रहे थे अलग.
जांच में यह बात भी सामने आई है कि राजीव अरोड़ा पारिवारिक कारणों से पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी से अलग रह रहे थे। उनकी पत्नी नोएडा के ही सेक्टर-128 इलाके में रहती हैं।इनका बेटा लंदन में और बेटी वाली इंडोनसिया में रहते हैं.
इस दुखद घटना ने एक बार फिर महानगरों में बुजुर्गों के अकेलेपन और सामाजिक अलगाव के गंभीर मुद्दे को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

