आज मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), सहकारिता विभाग एवं प्रभारी मंत्री जनपद बरेली श्री जे०पी०एस० राठौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति (कोर कमेटी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक संचालित होने वाले जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अभियान को जनसहभागिता आधारित जनआंदोलन के रूप में संचालित करने पर बल देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचने के निर्देश दिए।
बैठक में अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। इसके अतिरिक्त स्वच्छता अभियान, जनकल्याण मेले, चौपाल, जनजागरूकता रैलियां, विकास प्रदर्शनी, विशेष शिविर तथा ‘‘सरकार आपके द्वार’’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यापक योग कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने विकासखंड एवं ग्राम स्तर तक आयोजित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अभियान की सफलता हेतु समन्वित रूप से कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों के माध्यम से जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

