उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर के अतुल पंवार की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी की तरह शुरू हुई थी, लेकिन इसका अंत इतना खौफनाक होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। आठ साल पहले कॉस्मेटिक की दुकान पर हुई एक मुलाकात प्यार में बदली, फिर शादी हुई, परिवार बसा और हाल ही में दोनों ने मिलकर एक प्ले स्कूल भी शुरू किया, लेकिन इसी स्कूल से एक ऐसी साजिश जन्मी, जिसने अतुल की जिंदगी छीन ली। पुलिस के मुताबिक, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने कथित प्रेमी तुषार और दो सपेरों के साथ मिलकर हत्या की पूरी पटकथा लिखी। योजना इतनी शातिर थी कि मौत को सामान्य सर्पदंश का मामला दिखाया जा सके और किसी को शक भी न हो। पुलिस ने दामिनी, तुषार और दो सपेरों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, वर्ष 2018 में हस्तिनापुर की एक कॉस्मेटिक दुकान पर अतुल और दामिनी की मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब एक साल बाद परिवार की सहमति से शादी कर ली। शादी के बाद उनका जीवन सामान्य तरीके से चल रहा था। करीब तीन महीने पहले दोनों ने मिलकर कृष्णा किड्स प्ले स्कूल की शुरुआत की। इसी स्कूल में तुषार नाम का युवक ड्राइवर बनकर आया और यहीं से कहानी ने खतरनाक मोड़ ले लिया।

