बिसौली। शनिवार को थाना समाधान दिवस का राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों ने बहिष्कार किया एवं कोतवाली के गेट पर प्रदर्शन किया।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव निठाया की मढैया में पुलिस के सामने ही राजस्व विभाग की टीम पर दबंग हमलावर हुए और उनको दौड़ा दिया था। राजस्व विभाग की तहरीर के बाद भी पुलिस ने आज तक हमलावरों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। इससे आक्रोशित होकर राजस्व निरीक्षक और क्षेत्र के सभी लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर कोतवाली के सामने प्रदर्शन किया। लेखपाल संघ के अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि एसडीएम ने बीते दिनों जमीन को कब्जामुक्त कराने के आदेश दिए साथ ही उप जिलाधिकारी ने थाना इस्लामनगर पुलिस को भी निर्देशित किया कि वह राजस्व विभाग की टीम के साथ जाकर जमीन से कब्जा खाली कराएं। 13 जुलाई को राजस्व निरीक्षक बलवीर सिंह लेखपाल अनुज कुमार थाना इस्लामनगर पुलिस को साथ लेकर कब्जा खाली करने पहुंचे तो पुलिस की मौजूदगी में ही दबंगों द्वारा उन पर हमला किया गया उनके साथ अभद्रता की गई। उन्होंने बताया एसडीएम को मामले की जानकारी दी, एसडीएम को जानकारी देने के बाद आरोपियों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
राजस्व कर्मियों ने किया समाधान दिवस का बहिष्कार, कोतवाली पर प्रदर्शन
Leave a Comment

