रुदायन (बदायूं)
🖊️रुदायन:- नगर में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत रुदायन में थाना इस्लामनगर के थाना अध्यक्ष उदयवीर सिंह एवं रुदायन चौकी इंचार्ज संजीव कुमार यादव ने भारी पुलिस बल के साथ रूट मार्च किया।
फ्लैग मार्च मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों व आम नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
थाना अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान हुड़दंग, अशांति या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
चौकी इंचार्ज संजीव कुमार यादव ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के इस रूट मार्च से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

