उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की सदर तहसील में चल रहे संपूर्ण समाधान दिवस में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब एक मासूम बच्चा अपनी फरियाद लेकर अधिकारियों के सामने पहुंचा। बच्चे ने जिलाधिकारी के सामने अपनी समस्या रखते हुए न्याय की गुहार लगाई। बच्चे की मासूमियत और उसकी बातों को सुनकर वहां मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और आमजन भी भावुक हो गए। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में एक आठवीं कक्षा का 13 वर्षीय छात्र अमिताभ जिलाधिकारी अंजनी कुमार के सामने अपनी पारिवारिक समस्या रखी। उसने अपनी बात बेबाकी से कही, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अमिताभ ने बताया कि उनके घर के एक हिस्से पर ताऊ-ताई ने ताला लगा दिया है। उसका परिवार गरीब है और इस हिस्से को किराए पर देकर घर का खर्च चलाना चाहता है। छात्र ने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत कई बार पुलिस चौकी पर की गई थी। हालांकि, इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। उसकी स्पष्टवादिता और आत्मविश्वास देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी प्रभावित हुए। जिलाधिकारी ने धैर्यपूर्वक उसकी पूरी बात सुनी। उन्होंने छात्र को भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

