साल 2021 में एक सड़क दुर्घटना में अपना एक पैर गंवाने वाली नेहा भट्ट ने कृत्रिम पैर (प्रोस्थेटिक लेग) के सहारे अमरनाथ यात्रा पूरी की है। उन्होंने इस यात्रा के लिए बालटाल मार्ग को चुना, जो अपनी खड़ी और मुश्किल चढ़ाई के लिए जाना जाता है।
नेहा ने इंस्टाग्राम पर अपनी इस यात्रा का एक वीडियो साझा किया है। इसमें वह एक हाथ में लकड़ी की छड़ी और फोरआर्म क्रच (बैसाखी) की मदद से ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों पर पैदल आगे बढ़ती दिख रही हैं। उनके साथ उनका एक साथी भी मौजूद है, जो जरूरत पड़ने पर उनकी मदद कर रहा है।
जहां कई स्वस्थ श्रद्धालु इस कठिन मार्ग पर घोड़े या पालकी का उपयोग करते हैं, वहीं नेहा ने इसे कृत्रिम पैर के सहारे पैदल ही पूरा किया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंटरनेट यूजर्स इस मुश्किल चढ़ाई को सफलतापूर्वक पूरा करने पर उनके साहस और मजबूत इच्छाशक्ति की सराहना कर रहे हैं।

