अमरोहा, 16 जून 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अमरोहा द्वारा सचिव श्री अभिषेक कुमार व्यास (जज साहब) के निर्देशन में विकास खंड जोया के ग्राम मिठनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, बैंक ऋण संबंधी जानकारी तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण कानून, संपत्ति में महिलाओं के अधिकार, बाल विवाह निषेध अधिनियम, महिला हेल्पलाइन सेवाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अधिकार मित्र श्री महेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक महिला को अपने अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। जागरूक महिला न केवल अपने अधिकारों की रक्षा कर सकती है, बल्कि समाज में अन्य महिलाओं को भी सशक्त एवं जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास की महिलाओं को भी कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विधिक विषयों से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह कार्यक्रम महिलाओं को न्याय तक सरल पहुंच सुनिश्चित करने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं अधिकार-संपन्न बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
ग्रामीण महिलाओं के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Leave a Comment

