संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
आज दिनांक 04.03.2026 को होली त्यौहार के अवसर पर जनपद शाहजहाँपुर में शान्ति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक, जनपद शाहजहाँपुर द्वारा नगर क्षेत्र में निकलने वाले होली जुलूस के मार्गों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जुलूस मार्ग पर स्थापित विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों, संवेदनशील स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान एडीएम (ई), अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण को पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही जुलूस मार्ग पर निरंतर गश्त एवं निगरानी बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डयूटी पर उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु निर्धारित यातायात डायवर्जन योजना का प्रभावी रूप से पालन कराया जाए तथा आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने दी जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
तत्पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कंट्रोल रूम से श्रीमान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से होली जुलूस तथा नगर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, जिससे जनपद में होली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराया जा सके।
जनपद पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
होली जुलूस को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण, कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग
Leave a Comment

