बहजोई। अखिल भारतीय पंचायत परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक जादौन जी के बहजोई में आकस्मिक आगमन के अवसर पर प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष श्री अजयपाल जी के आवास पर प्रधान साथियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में ग्राम प्रधानों एवं प्रशासकों के अधिकारों, सम्मान तथा पंचायतों को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित प्रधान प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास एवं जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रधानों एवं प्रशासकों को उनके अधिकारों एवं आवश्यक संसाधनों का समुचित प्रावधान मिलना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान राज्य सरकार से पुरजोर आग्रह किया गया कि जिस प्रकार निर्वाचित ग्राम प्रधानों के लिए मानदेय की व्यवस्था की जाती है, उसी स्वरूप में प्रशासकों के मानदेय की व्यवस्था भी सुचारू रूप से पुनः स्थापित की जाए। इससे प्रशासकों का मनोबल बढ़ेगा तथा वे ग्राम पंचायतों के विकास एवं जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संपादित कर सकेंगे।
प्रधान साथियों ने कहा कि ग्राम पंचायतों की मजबूती ही ग्रामीण विकास की आधारशिला है। इसलिए प्रधानों एवं प्रशासकों के अधिकारों और सम्मान से जुड़े विषयों पर संगठन निरंतर लोकतांत्रिक एवं सकारात्मक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मुरादाबाद कृष्ण कुमार बिट्टन ,प्रदेश सचिव नकुल प्रताप सिंह,ब्लॉक अध्यक्ष गिर्राज किशोर, ब्लॉक महासचिव गजेंद्र राणा, गिर्राज किशोर, सूरज सिंह, सोमपाल सिंह सहित अन्य प्रधान साथी उपस्थित रहे।

