आज दिनांक 16.05.2026 को श्री अक्रूर जी कन्या पाठशाला इन्टर कालेज चन्दौसी (सम्भल) में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा-2026 में विद्यालय स्तर पर कक्षा 10 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया जिसमें कु० इशिका पुत्री श्री मनोज कुमार जी ने प्रथम स्थान, कु० कोमल पुत्री श्री भारत सिंह जी ने द्वितीय स्थान तथा कु० महक गुप्ता पुत्री श्री यतेन्द्र कुमार गुप्ता जी एवं कु० सृष्टि पुत्री श्री मनमोहन जी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष-श्री कौशल नन्दन जी, प्रबन्धक श्री राजीव कुमार जी ’77’, उपप्रबन्धक डॉ० मनीष गुप्ता जी उपस्थित रहे। डॉ० श्याम गोआनी सक्सैना जी/डॉ० मोनिका राजवंशी ने अपने पिता स्व० डॉ० राममोहनलाल सक्सैना जी की पुण्य स्मृति में एवं डॉ० मनीष गुप्ता जी ने अपने पिता स्व० श्री सतीश चन्द गुप्ता जी (शंकर मिल वाले) की पुण्य स्मृति में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को 5100/- रूपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को 3100/- रूपये एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दोनों छात्राओं को 2100-2100 रूपये प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रदान कर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में छात्राओं के अभिभावक भी उपस्थित रहे। प्रबन्धक जी ने समस्त विद्यालय परिवार, छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। डॉ० श्याम गोआनी सक्सैना जी ने कविता के माध्यम से छात्राओं का मनोबल बढ़ाया और स्वास्थ्य बर्द्धक टिप्स दिए। डॉ० मनीष गुप्ता जी एवं डॉ० मोनिका राजवंशी जी ने छात्राओं को बताया कि कठिन परिश्रम, सच्ची लगन एवं निरंतरता से हम अपने लक्ष्य को अवश्य ही प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही अध्यक्ष महोदय ने उन छात्राओं का भी उत्साहबर्धन किया जिन्हें अपेक्षाकृत कम अंक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि निरन्तर प्रयास, धैर्य और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने छात्राओं को निराश या अवसादग्रस्त न होने तथा नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस कार्यक्रम में प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू गुप्ता जी एवं श्रीमती साफिया अंजुम, डॉ० मानवी गुप्ता जी (पुत्री डॉ० मनीष गुप्ता जी) व समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

