बीजेपी के एमएलसी विशाल सिंह चंचल के फर्जी लेटर पैड पर फर्जी हस्ताक्षर करके शासन से धनराशि लेने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में एमएलसी के प्रतिनिधि डॉक्टर प्रदीप कुमार पाठक ने पुलिस में लिखित शिकायत की है। पाठक ने शुक्रवार को देर शाम को जमानिया नगरपालिका के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता और अन्य के खिलाफ तहरीर दी। इसी के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है। अब इस मामले की जांच पुलिस कर रही है।
पंडित दीनदयाल योजना के तहत ली गई राशि
पुलिस को दी गई तहरीर में एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक ने गंभीर आरोप लगाया है। पाठक के अनुसार एमएलसी विशाल सिंह चंचल के फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल किया गया है। जमानिया नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता और उनके सहयोगियों ने पंडित दीनदयाल योजना के तहत नगर में लाइटिंग और अन्य विकास कार्यों के लिए इसी फर्जी लेटर पैड पर पत्राचार किया। इसके बाद करीब 4 करोड़ 8 लाख रुपये शासन से प्राप्त हुए थे।

