संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
शाहजहांपुर।
शिक्षा, पोषण एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) एवं मानवता वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में राइट टू एजुकेशन विषय पर आयोजित 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (ELP) का समापन बूचड़ी कैंट क्षेत्र में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में स्लम क्षेत्र के बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरा युवा भारत के उप निदेशक श्री माहे आलम रहे। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की सबसे सशक्त नींव है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े बच्चों तक शिक्षा एवं जागरूकता पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बच्चों को शिक्षा से निरंतर जुड़े रहने, स्वच्छता अपनाने एवं पौष्टिक भोजन ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों को टी-शर्ट, कैप एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई। बच्चों ने विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत विशेष जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। बच्चों से अनाज, दालों एवं हरी सब्जियों के माध्यम से रचनात्मक गतिविधियां कराई गईं, जिसमें बच्चों ने “MYB Shahjahanpur” एवं पोषण संबंधी संदेश तैयार किए। कार्यक्रम में बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, एनीमिया से बचाव, स्वच्छ खानपान तथा स्वस्थ जीवनशैली के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई।
मानवता वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक अमित श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के वंचित एवं स्लम क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। संस्था निरंतर मलिन बस्तियों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम संचालित कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान ELP से जुड़े स्वयंसेवक लवली सक्सेना, विकास कोली, दिव्यांशी मिश्रा, वैष्णवी, अंशिका गुप्ता एवं आयुषी पाल को उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था की उपाध्यक्ष नीरा श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
मेरा युवा भारत की ओर से लेखाकार सोनम सचान, कार्यालय सहायक हिमांशु एवं देवेश ने कार्यक्रम में सहभागिता की एवं बच्चों को प्रोत्साहित किया।
मेरा युवा भारत शाहजहांपुर द्वारा आयोजित स्लम क्षेत्र के बच्चों हेतु 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का समापन
Leave a Comment

