डीएम ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय से निस्तारण करने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर, 16 मई। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए राजस्व विभाग सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 53 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद, जमीन की पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत तथा खतौनी में त्रुटियों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता के साथ मौके पर जांच कर नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, डीएफओ सचिन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार पांडे, तहसीलदार प्रियंका चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

