बिसौली। रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई में शुक्रवार को हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान एवं इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व आंतरिक सचल दल में शामिल रामाधार शर्मा, सुधाकर शर्मा, रेनू कुमारी द्वारा छात्र-छात्राओं की सघन तलाशी लेने के बाद ही उन्हें कमरों में भेजा गया। केंद्र व्यवस्थापक डॉ घनश्याम दास के अनुसार सुबह की पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान में 505 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 88 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी में 469 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 101अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में कुल 189 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। केंद्र व्यवस्थापक ने यह भी बताया कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पूर्ति निरीक्षक बदायूं, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी आदि उपस्थित रहे। सुरक्षा के दृष्टिगत केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

