जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को सरकारी तालाबों, चक मार्गों तथा सरकारी भूमि से अवैध कब्जा को कब्जा मुक्त कराने के दिए हुए हैं निर्देश।
सम्भल (बहजोई), 02 जून 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल द्वारा एक अभियान चलाते हुए जनपद में चकमार्गों, तालाबों एवं सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने के समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं।
साथ ही जिलाधिकारी द्वारा जनपद में 2 हेक्टेयर एवं उससे अधिक क्षेत्रफल वाले तालाबों का चिन्हीकरण कर उनकी सूची तैयार करने तथा उन पर से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश भी दिए हैं।
इसी क्रम में आज उप जिलाधिकारी चंदौसी नीतू रानी के निर्देशन में तहसीलदार चंदौसी रविन्द्र विक्रम के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा तहसील चंदौसी के ग्राम देवापुर में स्थित तालाब गाटा संख्या 543झ रकबा 10.6 हेक्टेयर ( लगभग 160 बीघा) भूमि पर से पैमाईश कराते हुए अवैध कब्जा हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। वहीं बहजोई के जैमलपुर में चारागाह की भूमि गाटा संख्या 40 पर से नायब तहसीलदार सतेन्द्र चाहर तथा रजत द्वारा अवैध कब्जा को कब्जा मुक्त कराया गया ।
तहसील गुन्नौर के अन्तर्गत उप जिलाधिकारी गुन्नौर विकासचन्द्र के निर्देशन में अधिशासी अधिकारी बबराला एवं राजस्व निरीक्षक एवं उनकी टीम द्वारा बबराला नगर पंचायत के अन्तर्गत गाटा संख्या 595 की लगभग 4 बीघा तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। वहीं तहसील गुन्नौर के अन्तर्गत ग्राम गनूपुरा में तालाब की भूमि गाटा संख्या 135 रकबा 0.054 हेक्टेयर भूमि को राजस्व एवं पुलिस की टीम द्वारा कब्जा मुक्त कराया गया।
उप जिलाधिकारी चंदौसी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार चकमार्गों, तालाबों एवं सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कहा कि जनपद में तालाबों, चकमार्गों एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि तालाबों का संरक्षण जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए तालाबों के चिन्हीकरण, संरक्षण एवं अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

