चन्दौसी, सम्भल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा 15 जुलाई से 5 अगस्त तक प्रदेशभर में इंटर कॉलेज सदस्यता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर इकाई चन्दौसी द्वारा राजेश कुमार सरस्वती विद्या मंदिर, चन्दौसी में सदस्यता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान विद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ग्रहण करते हुए राष्ट्र निर्माण एवं छात्र हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। परिषद कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं विभिन्न आयामों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में सदस्य बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला संयोजक अखिलेश श्रीवास्तवने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रहित एवं छात्र हितों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करता है। अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परिषद से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा का सहभागी बनना चाहिए।
नगर मंत्री आशीष ने कहा कि सदस्यता अभियान केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि जागरूक, जिम्मेदार एवं राष्ट्रभक्त छात्र शक्ति के निर्माण का अभियान है।
इस सदस्यता अभियान में जिला संयोजक अखिलेश श्रीवास्तव, नगर मंत्री आशीष, शोएब, विराट यादव,अरुण सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

