हाल ही में 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आए अभिनेता राजपाल यादव ने सोनू सूद के एक पुराने बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। दरअसल, राजपाल के जेल में रहने के दौरान सोनू सूद ने फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें सपोर्ट करने, काम देने और एडवांस पेमेंट करने की अपील की थी। इस पर राजपाल ने कहा था कि लोगों को यह गलतफहमी दूर कर लेनी चाहिए कि उन्हें किसी से काम मांगने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पास पहले से ही अगले 7 सालों के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स मौजूद हैं।
अब सोनू सूद ने राजपाल यादव की इस टिप्पणी पर अपना स्पष्टीकरण दिया है। सोनू ने विनम्रता से जवाब देते हुए कहा, “मुझे उनके लिए खुशी है। मैंने यह कभी नहीं कहा कि उन्हें काम की जरूरत है। मैंने सिर्फ यह कहा था कि ‘उन्हें अपनी फिल्मों में साइन करें और एडवांस पैसे दें क्योंकि वह एक बेहतरीन कलाकार हैं और इसके हकदार हैं’।”
बता दें कि राजपाल यादव जल्द ही ‘भूत बंगला’, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘हैवान’ जैसी फिल्मों समेत कई वेब सीरीज में नजर आने वाले हैं।

