अंजली अरोड़ा के मंगेतर आकाश सरनवाल अपनी कार पर विधायक का फर्जी स्टीकर लगाकर चल रहे थे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर मेरठ पुलिस ने उनको रोक लिया। गणतंत्र दिवस को देखते हुए पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है।
कच्चा बादाम गाने से चर्चाओं में आईं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजली अरोड़ा के मंगेतर आकाश सनसनवाल और कांग्रेस नेता के बेटे समेत पांच को पुलिस ने कार पर विधायक-सांसद का फर्जी स्टीकर लगाकर घूमने पर गिरफ्तार किया है। गणतंत्र दिवस से पूर्व चेकिंग के दौरान परतापुर थाना पुलिस ने रविवार को मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर काशी टोल प्लाजा से आकाश को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व महासचिव खतौली मुजफ्फरनगर निवासी राजवीर सिंह वर्मा के बेटे कर्मवीर सिंह, गौतमबुद्धनगर के नगला हुकुम सिंह के आशीष चौधरी, रोहिणी दिल्ली के कपिल प्रजापति, मसूरी गाजियाबाद के दानिश चौधरी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी पर धोखाधड़ी आदि की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उनकी कारों को सीज किया है।

