भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी संजीव खिरवार एक बार फिर दिल्ली के प्रशासनिक गलियारों में लौट आए हैं।
उनको 2022 में खिलाड़ियों के स्टेडियम में कुत्ता टहलाने के बाद खड़े हुए विवाद के बीच राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से बाहर भेज दिया गया था।
अब उनकी फिर वापसी हुई है। उनको दिल्ली नगर निगम (MCD) का नया आयुक्त बनाकर वापस लाया गया है।
कौन हैं संजीव खिरवार और उनसे जड़ा विवाद क्या है? आइए, जानते हैं।
स्टेडियम में कुत्ता टहलाने से जुड़ा विवाद 2022 का है। तब खिरवार दिल्ली के राजस्व विभाग में तत्कालीन प्रधान सचिव थे।
मई में इंडियन एक्सप्रेस ने एक खबर प्रकाशित की कि त्यागराज स्टेडियम में युवा एथलीट के अभ्यास के समय उसे बंद कर दिया जा रहा है ताकि खिरवार अपने कुत्ते को स्टेडियम में टहला सकें।
खबर सामने आने के बाद नौकरशाहों पर सरकारी पदों के दुरुपयोग और विशेषाधिकार को लेकर बहस छिड़ गई और खूब विवाद हुआ।
इस विवाद के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने खिरवार को लद्दाख भेज दिया और उनकी 1994 बैच की IAS पत्नी रिंकू दुग्गा, का तबादला अरुणाचल प्रदेश किया।
बाद में पता चला कि केंद्र सरकार ने जनहित का हवाला देते हुए सिविल सेवा नियमों के तहत उन्हें अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त कर दिया था।
हालांकि, अब 3 साल बाद मंत्रालय उन पर मेहरबान है और उनको दिल्ली में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक भूमिका में वापस बुलाया है और निगम का कामकाज देखेंगे।

