बदायूँ। नशा मुक्त भारत अभियान 2026 के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा गुरुवार को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर श्री गजेंद्र सिंह के निर्देशन एवं देखरेख में किया गया।
रैली का शुभारंभ राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ के प्राचार्य प्रो. डॉ. शिव कुमार एवं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रो. डॉ. श्रीनिवासन गांधी ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सभी संकाय सदस्य, बी.एससी. नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जागरूकता रैली में लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं 30 संकाय सदस्यों की सहभागिता रही। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन अपनाना चाहिए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशा-मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं जागरूकता के साथ सहभागिता कर समाज में नशा-मुक्ति का संदेश प्रसारित किया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा-मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए समाज को जागरूक बनाने का संकल्प लिया।

