ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- घटिया ट्रांसफॉर्मर लगाकर सरकार को बदनाम कर रहा विभाग
संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
बंडा/शाहजहांपुर। बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बंडा क्षेत्र के ग्राम नवदिया ज.ढुकुरी में महज 1 घंटे के अंदर नया लगाया गया ट्रांसफॉर्मर फुंक गया, जिससे पूरा मोहल्ला अंधेरे में डूब गया।
ग्रामीणों के अनुसार मोहल्ले में लगा ट्रांसफॉर्मर कई दिनों से खराब पड़ा था। शिकायतों के बाद मंगलवार को विभाग ने नया ट्रांसफॉर्मर लगाया। ट्रांसफॉर्मर चलते ही खुशी की लहर दौड़ी, लेकिन 1 घंटे बाद ही तेज धमाके के साथ ट्रांसफॉर्मर धूं-धूं कर जल गया।
गांव के अमरेंद्र सिंह, कौशल सिंह, जितेंद्र सिंह, बेबी सिंह, सत्यम पंडित आदि ने कहा कि विभाग जानबूझकर कम क्षमता का सेकंड हैंड या रिपेयर किया हुआ ट्रांसफॉर्मर लगा रहा है। मोहल्ले के लोड के हिसाब से ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया जा रहा, इसलिए महीने में 6 बार ट्रांसफॉर्मर फुंक जाता है।
उमस भरी गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का हाल बेहाल है। पीने के पानी का संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों ने कहा कि “हमें ऐसी बिजली नहीं चाहिए। हम घरेलू कनेक्शन कटवा देंगे।”
ग्रामीणों ने 24 घंटे के अंदर उच्च क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर न लगाए जाने पर बिजली घर का घेराव और सड़क जाम की चेतावनी दी है।
एक तरफ योगी सरकार “घर-घर बिजली” का दावा कर रही है, वहीं विभाग के अधिकारी अपनी लापरवाही से सरकार को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।

