थाना निगोही पुलिस को बड़ी सफलता : चोरी की ई-रिक्शा, 12 चोरी की बैटरियां एवं अवैध तमंचा-कारतूस सहित अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद ।
संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
पुलिस अधीक्षक जनपद शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार अपराध नियंत्रण, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब/शस्त्र विक्रय तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर महोदय के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर के कुशल पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक थाना निगोही के कुशल नेतृत्व में थाना निगोही पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
संक्षिप्त विवरणः-
दिनांक 02.08.2026 को वादी द्वारा अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध बी.ओ.बी. तिराहा, कस्बा निगोही से सारथी कम्पनी की ई-रिक्शा चोरी किए जाने संबंधी तहरीर थाना निगोही पर दी गई, जिसके आधार पर मु०अ०सं० 366/2026, धारा 303(2) बीएनएस बनाम अज्ञात अभियुक्त पंजीकृत किया गया। विवेचना एवं माल बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस, 35/106 बीएनएसएस तथा 3/25 आयुध अधिनियम की वृद्धि की गई। दिनांक 02.08.2026 को थाना निगोही पुलिस टीम मुकदमा उपरोक्त से संबंधित अज्ञात अभियुक्त की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु थाना क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान हमजापुर चौराहे के पास मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति चोरी की ई-रिक्शा तथा उसमें चोरी की बैटरियां लादकर चैना रूरिया की ओर से आ रहा है तथा उसके पास अवैध शस्त्र भी है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा पुवायां रोड स्थित इनायतपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर अभियुक्त को पकड़ लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम आकाश पुत्र रामनिवास निवासी ग्राम चैना रूरिया, थाना निगोही, जनपद शाहजहाँपुर बताया। जामा तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद देशी तमंचा .315 बोर, एक अदद जिन्दा कारतूस .315 बोर, चोरी की एक अदद सारथी कम्पनी की ई-रिक्शा तथा विभिन्न कंपनियों की 12 अदद ई-रिक्शा बैटरियां बरामद हुईं। गिरफ्तार अभियुक्त को उसके गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए दिनांक 03.08.2026 को समय 02:53 बजे पुलिस हिरासत में लिया गया। अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

