मध्य प्रदेश के खंडवा की रहने वाली अंजनी मिश्रा ने अपने पहले ही प्रयास में UPSC सिविल सेवा परीक्षा क्रैक कर 274वीं रैंक हासिल की है। साल 2022 में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने मुंबई की एक मल्टीनेशनल कंपनी में करीब डेढ़ साल तक काम किया था।
साल 2024 में UPSC की तैयारी के लिए उन्होंने अपनी अच्छी सैलरी वाली कॉर्पोरेट नौकरी पूरी तरह छोड़ दी। इसके बाद अंजनी ने करीब 11 महीने तक ऑनलाइन कोचिंग के जरिए रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई की। पढ़ते समय वह अपने फोन को अक्सर बंद रखती थीं।
उनकी तैयारी का एक अहम हिस्सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का स्मार्ट उपयोग रहा। उन्होंने अलग-अलग प्रॉम्प्ट्स देकर मॉक इंटरव्यू के अभ्यास के लिए AI की मदद ली, जिससे उन्हें अपनी कमियां सुधारने में मदद मिली। उनके पिता भोपाल लोकायुक्त पुलिस में डीएसपी हैं, जिनसे उन्हें सिविल सेवा में आने की प्रेरणा मिली।

